पिथौरागढ जनपद के धारचूला क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई, पैदल मार्ग और मनरेगा में रोजगार दिए जाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय किसान महासभा ने धारचूला में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दो घंटे तक एसडीएम कार्यालय के समक्ष धरना दिया।
किसान महासभा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार 21 अगस्त को नगर से एसडीएम कार्यालय तक जुलूस निकाला। इस दौरान समस्याओं का समाधान नहीं किए जाने पर सत्ताधारी दलों के जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके बाद प्रदर्शनकारी एसडीएम कार्यालय में धरने पर बैठ गए। सभा में किसान महासभा के ब्लाक कार्यकारिणी सदस्य किशन सिंह कुंवर ने कहा बजानी नहर को चालू करने, कालिका से बजानी तक सम्पर्क मार्ग को पक्का करने के साथ ही सम्पर्क मार्ग पक्का करने, गांव तक सड़क सुविधा, पेयजल व्यवस्था व मनरेगा में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर कई बार प्रशासन व सरकार से मांग की जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। शासन-प्रशासन की उपेक्षा के कारण ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। प्रदेश सचिव जगत मर्तोलिया ने कहा स्थानीय सांसद एवं विधायक को जन सरोकारों से कोई मतलब नहीं रह गया है। राज्य व केन्द्र सरकारें होने के बाद भी समस्याएं जस की तस पड़ी हैं। उन्होंने भाजपा पर मित्र विपक्ष की भूमिका निभाने का आरोप लगाया।
वहीं दूसरी ओर पिथौरागढ़ के सीमांत जिले में मंगलवार को भी लोगों को पांच घंटे से अधिक विद्युत कटौती झेलनी पड़ी, बिजली नहीं होने से व्यावसायिक गतिविधियां ठप रही।
मंगलवार को अपराह्न तीन बजे से विद्युत कटौती शुरू हुई, सायं साढ़े सात बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि सायं 3 बजे से 6 बजे तक विद्युत कटौती बाहर से की गई, इसके बाद विद्युत सब स्टेशन में खराबी आ जाने से एक फीडर को काटना पड़ा। खराबी दूर करने में डेढ़ घंटे से अधिक का समय लगा। बिजली नहीं होने से व्यावसायिक गतिविधियां ठप रहीं। छोटे व्यापारियों को इससे खासी परेशानी झेलनी पड़ी। अंधेरा होने के कारण व्यापारी जल्दी अपने प्रतिष्ठान बंद करने को मजबूर हुए। आए दिन हो रही विद्युत कटौती पर भाजपा जिला महामंत्री गणेश भंडारी ने गहरा रोष जताते हुए कहा है कि सरकार सीमांत जिले की उपेक्षा कर रही है। सरकार को आम आदमी की तकलीफों से कोई सरोकार नहीं रह गया है, उन्होंने कहा यदि कटौती शीघ्र बंद नहीं की गई तो भाजपा सड़कों पर उतरने को बाध्य होगी।
लोहाघाट क्षेत्र में नेपाल सीमा से लगे मडलक क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा चलाए गए सदस्यता अभियान के तहत भाजपाइयों द्वारा दर्जनों ग्रामीणों को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के मंडल संयोजक प्रदीप पांडेय ने बताया कि सदस्यता अभियान के तहत ग्राम सभा जमरसो, लेटी, सल्टा, बगौटी, मजपीपल आदि गांवों में दर्जनों लोगों द्वारा भाजपा की सदस्यता ग्रहण की गई। पांडेय ने बताया कि लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाने के साथ ही लोगों को भाजपा की रीति नीति से अवगत कराया जा रहा है। इस दौरान मनोज राम, भवान राम, जैराम, शीश राम, शंकर राम, बीना देवी, नीलावती देवी, कमलाकांत, चरणदत्त पांडेय सहित दर्जनों ग्रामीणों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की गई। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ता जगदीश पांडेय, भुवन भट्ट, गणेश सिंह, जोगा सिंह, पूरन पंत, बद्रीसिंह, दीवान पांडेय आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
अल्मोड़ा: नगर के जिला व बेस अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए नगर कांग्रेस कमेटी ने डीएम से शीघ्र कार्रवाई की गुहार लगाई है।
नगर अध्यक्ष बिट्टू कर्नाटक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता डीएम अक्षत गुप्ता से मिले। कार्यकर्ताओं ने कहा कि नगर में पहले से ही चिकित्सकों की भारी कमी बनी हुई थी। ऊपर से बिना प्रतिस्थानी के अन्य चिकित्सकों के भी स्थानान्तरण कर दिए गए। जिससे गंभीर रोगियों के अलावा प्रसव कार्य भी प्रभावित हुए हैं। दूरदराज से आ रहे रोगियों को अस्पतालों में भर्ती किए बिना रेफर कर दिया जा रहा है। काग्रेसियों ने डीएम से इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
डीएम से मिले शिष्टमंडल में जिलाध्यक्ष राजेन्द्र बाराकोटी, राजीव कर्नाटक, अमन अंसारी, अमित राजौरिया, दीपक बिष्ट, राजेश कुमार, विनोद वैष्णव, दीप डांगी, तारू तिवारी, कुंदन भंडारी, दीवान राम, देवेन्द्र बिष्ट, महबूब हुसैन, वीरेन्द्र सिंह कार्की, जितेन्द्र प्रसाद, मंजुल मित्तल, इमरान कुरैशी, फिरोज कुरैशी, मुकेश नेगी समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।
Recent Comments