सैफ के खिलाफ धारा 324 और 325 के तहत जमानती मुकदमा
मुंबई. फिल्म कलाकार सैफ अली खान को इकबाल शर्मा नाम के कारोबारी के साथ कथित मारपीट के मामले में जमानत मिल गई है। सैफ को 15 हजार रुपये के मुचलके पर जमानत दी गई है। वे थाने से डेढ़ घंटे बाद बाहर आए।
सैफ के साथ ही उनके दोस्तों- बिलाल अमरोही और अमृता अरोड़ा के पति शकील को भी जमानत मिल गई। सैफ ने पूछताछ में उन पर मारपीट का आरोप लगाने वाले इकबाल शर्मा पर आरोप लगाते हुए कहा कि शर्मा उनके साथ मौजूद महिलाओं के साथ गलत ढंग से पेश आए थे। सैफ ने कहा, ‘मैं कानून का पालन करता हूं। इकबाल शर्मा ने मारपीट की कोशिश की थी और मैंने अपना बचाव किया। मैंने टीवी इंटरव्यू में कुछ लोगों को देखा है, वे बहुत शरीफ लग रहे हैं। लेकिन एक दिन पहले वे उत्तेजित थे।’ बताया जा राह है कि मंगलवार की रात जब यह घटना हुई तब करीना कपूर भी सैफ के साथ मौजूद थीं।
वहीं, इकबाल शर्मा ने सैफ अली खान पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। इकबाल शर्मा ने सैफ के बयान पर गहरी आपत्ति दर्ज करते हुए कहा है कि अब जो कुछ होगा, वह कोर्ट में होगा। शर्मा ने एक निजी टीवी चैनल से बातचीत में कहा, ‘सैफ अली खान पुलिस के सामने झूठ बोल रहे हैं। मारपीट और गालीगलौज तो मेरे साथ हुई थी।’
सैफ की सफाई के बाद अब हो सकता है कि करीना कपूर को भी पुलिस पूछताछ के लिए थाने में तलब करे। बुधवार कोलाबा पुलिस ने सैफ को नरीमन प्वॉइंट में मौजूद उनके वकील के दफ्तर से गिरफ्तार किया।
इससे पहले मीडिया में आई खबरों के मुताबिक सैफ कोलाबा पुलिस स्टेशन के नजदीक आकर मीडिया का जमावड़ा देखकर वापस लौट गए थे। बुधवार दिन में पुलिस की एक टीम सैफ के घर पहुंची लेकिन सैफ घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने वहां एक मैसेज छोड़ा है कि सैफ को उनके खिलाफ एफआईआर की सूचना दी जाए।
इससे पहले सैफ के खिलाफ कोलाबा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज हुई। उन पर इकबाल शर्मा नाम के एक कारोबारी की पिटाई का आरोप है। शर्मा ने आरोप लगाया है कि सैफ ने उनकी नाक पर घूंसा मारा। इससे उनकी नाक की हड्डी टूट गई। इस मामले में सैफ के खिलाफ आईपीसी की धारा 324 और 325 के तहत जमानती मुकदमा दर्ज हुआ है। सैफ पर लगे आरोप सही साबित हुए तो उन्हें अधिकतम 7 साल की कैद की भी सज़ा हो सकती है।
घटना मंगलवार रात होटल ताज के वसाबी रेस्तरां की है। बताया जा रहा है कि सैफ करीना के साथ रेस्तरां पहुंचे थे। दोनों आपस में बात कर रहे थे। उसी दौरान अपने परिवार के साथ खाना खा रहे जुहू इलाके के कारोबारी इकबाल शर्मा ने रेस्तरां के वेटर को बुलाकर कहा कि सैफ और करीना काफी ऊंची आवाज़ में बात कर रहे हैं। उन्हें कहो कि आवाज़ कम करके बात करें। वेटर ने जब यही बात सैफ और करीना से कही तो सैफ ने कहा कि अगर उन्हें ऊंची आवाज़ पसंद नहीं है तो वे लाइब्रेरी में चले जाएं। यह बात इकबाल को नागवार गुजरी। इसके बाद सैफ और इकबाल के बीच कहासुनी शुरू हो गई जो बाद में मारपीट में तब्दील हो गई।
सैफ आजकल एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘एजेंट विनोद’ को लेकर चर्चा में हैं। वह जगह-जगह घूम कर फिल्म का प्रोमोशन कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि यह फिल्म 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर सकती है।
सैफ की होम प्रोडक्शन की यह फिल्म 23 मार्च को दुनियाभर के 3500 और भारत के 2500 सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें उनके साथ उनकी प्रेमिका करीना कपूर मुख्य भूमिका में हैं। इससे पहले ये दोनों ‘टशन’ कुर्बान में साथ काम कर चुके हैं।
Short URL: http://himalayauk.org/?p=30255












