अमर सिंह ने अपनी संपत्ति आरएसएस को दान की

आजमगढ़ 
राज्यसभा सदस्य अमर सिंह ने अपनी संपत्ति आरएसएस से जुड़े संगठन को दान की है। उन्होंने अपने पैतृक गांव तरवां स्थित अपने मकान व जमीन को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुषांगिक संगठन राष्ट्रीय सेवा भारती को दान कर दी। बुधवार को इस संपत्ति की रजिस्ट्री सेवाभारती के नाम पर की गई।  एक समय पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को कोसने वाले समाजवादी पार्टी (एसपी) के पूर्व नेता एवं राज्यसभा सांसद अमर सिंह बीते दिनों से अचानक बीजेपी की तारीफों के पुल बांधने लगे। कुछ दिनों से चर्चा थी कि वह अपनी पैतृक संपत्ति राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ही सेवा भारती संस्थान को दान देंगे।  सांसद अमर सिंह ने बताया कि उन्होंने जो मकान दान किया है वह कीमती है। यह मकान तरवां बाजार के मुख्यमार्ग पर लगभग दो बीघे जमीन पर बना है। यह तीन मंजिला है। इस मकान में बुलेटप्रूफ खिड़की के साथ लिफ्ट भी लगी है। 

कभी समाजवादी पार्टी के नेता और मुलायम सिंह यादव के करीबी रहे अमर सिंह कुछ दिनों पहले बीजेपी के गुणगान करने लगे थे। उन्होंने अपनी करोड़ों रुपये की पैतृक संपत्ति अब आरएसएस से जुड़े संगठन सेवा भारती संस्थान को दान दे दी है।

बुधवार को इस चर्चा पर विराम लग गया। रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचकर उन्होंने अपनी पैतृक संपत्ति आरएसएस से जुड़े संगठन के नाम बैनामा कर दी। जो संपत्ति संगठन को दी गई ,है उसमें तरवां गांव में मौजूद उनका पारिवारिक बंगला और 10 बीघा खेत शामिल है। उपनिबंधक लालगंज आजमगढ़ सुनील कुमार ने बताया कि अमर सिंह की जायदाद की सरकारी कीमत 2 करोड़ 91 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई, जिसकी रजिस्ट्री में 14 लाख 59 हजार 20 रुपए का स्टांप पेपर लगाकर की गई। 

अमर सिंह ने बताया कि संपत्ति का बैनामा उन्होंने लालगंज तहसील में सेवा भारती के नाम किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री ऋषिपाल सिंह ददवाल ने बताया कि अमर सिंह द्वारा दान की गई संपत्ति पर सेवा भारती ठाकुर हरिश्चंद्र सेवा केंद्र की स्थापना की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *