Delhi New cm name announcement
पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद और हरियाणा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ होंगे दिल्ली विधायक दल की बैठक में पर्यवेक्षक। 20 फरवरी को शाम 4.30 बजे दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण होना था। लेकिन अब यह कार्यक्रम 20 फरवरी को ही सुबह करीब 11.00 बजे शुरू होगा। उपराज्यपाल वीके सक्सेना दोपहर 12.35 बजे नए मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे।
दिल्ली चुनाव परिणाम घोषित होने के 11 दिन बाद बुधवार को अंतत: दिल्ली को नया मुख्यमंत्री (Delhi New cm name announcement) मिल जाएगा। भाजपा के सभी 48 नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुधवार शाम को होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा।
दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होगा। समारोह स्थल पर तीन मंच बनाए गए हैं। मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री बैठेंगे। वहीं, दूसरे मंच पर धर्मगुरुओं के बैठने की व्यवस्था होगी। तीसरे मंच पर सांसदों और विधायकों के बैठने की व्यवस्था होगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़ को पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाने का स्वागत किया। नेता के चुनाव के लिए बैठक आज शाम सात बजे पार्टी कार्यालय में होगी।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा, “दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आशीर्वाद दिया है। ये भरपूर आशीर्वाद जनादेश में तब्दील हो गया है। कल दिल्ली में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा। मुझे लगता है कि रामलीला मैदान में होने वाली यह दिल्ली की सबसे ऐतिहासिक घटना होगी। दिल्ली की जनता ने एक तानाशाह शासक को उसके झूठ, छल और धोखाधड़ी की सजा दी है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दिल्ली विश्वस्तरीय राजधानी बनने की ओर अग्रसर होगी। हर गरीब, आम आदमी सबसे बड़ा वीआईपी है और वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नई कैबिनेट को आशीर्वाद देने के लिए यहां मौजूद रहेगा। कल सुबह 11 बजे समारोह आयोजित किया जाएगा।”
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में नेताओं के अलावा बॉलीवुड के कुछ लोगों के शामिल होने की उम्मीद है, इसके अलावा वहां पर साधु-संतों को भी न्योता दिया गया है। कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी, अर्द्धसैनिक बलों और दिल्ली पुलिस का बहुस्तरीय घेरा मौजूद रहेगा।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा भाजपा-एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रहने की भी उम्मीद जताई जा रही है। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। चूंकि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मौजूद रहेंगे, इसलिए उनकी सुरक्षा में एसपीजी का घेरा मौजूद रहेगा।
गुरुवार को शपथ ग्रहण के बाद दिल्ली वासियों को उनका नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। गुरुवार यानी 20 फरवरी को रामलीला मैदान में होने वाले कार्यक्रम के लिए तैयारियां की गई हैं। शपथ ग्रहण कार्यक्रम को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने समारोह स्थल की सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं।