पुलिस के अनुसार उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के डीएनए को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में लखनऊ पुलिस आयुक्तालय की हजरतगंज कोतवाली पुलिस ने भाजपा महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी की शिकायत पर सपा के मीडिया प्रकोष्ठ ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) के अज्ञात संचालक (हैंडलर) के खिलाफ शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस के अनुसार सपा के मीडिया प्रकोष्ठ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान), 353(2) (विभिन समूहों के बीच शत्रुता,घृणा और वैमनस्यता को बढ़ावा देने वाले कृत्य), 356(2) (मानहानि) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
समाजवादी पार्टी के मीडिया प्रकोष्ठ ने शनिवार को ‘एक्स’ पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के डीएनए को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। हालांकि, सपा के मीडिया प्रकोष्ठ ने बाद में इस पोस्ट को ‘डिलीट’ कर दिया। ‘डिलीट’ पोस्ट को साझा करते हुए उपमुख्यमंत्री पाठक ने शनिवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा।
पाठक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में सवाल उठाते हुए कहा, ‘‘अखिलेश जी, ये आपकी पार्टी की है? ये आपकी पार्टी का ऑफिशियल हैंडल है!! किसी के दिवंगत माता-पिता के लिए शब्दों का ये चयन है?’’ उपमुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा, ‘‘लोकतंत्र में सहमति-असहमति, आरोप-प्रत्यारोप सब चलते आए हैं और चलते रहेंगे पर आप अपनी पार्टी को इस स्तर पर ले आएंगे? क्या आदरणीया डिंपल जी इस स्त्री विरोधी और पतित मानसिकता को स्वीकार करेंगी? सोचिएगा!!!’’
इस मामले को लेकर भाजपा सरकार और संगठन के पदाधिकारियों ने भी सपा पर हमला बोला है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी का चरित्र घटिया, घिनौना एवं समाज विरोधी है। उत्तर प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व की लोकप्रिय सरकार के उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक जी को लेकर समाजवादी पार्टी के अधिकृत अकाउंट से ट्वीट किया गया है।’’