मणिपुर में चार उग्रवादी गिरफ्तार, जबरन वसूली करने का आरोप

पुलिस ने बताया कि ये उग्रवादी जबरन वसूली और नए कार्यकर्ताओं की भर्ती में शामिल थे और सभी को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों ने थौबल जिले के लीरोंगथेल पित्रा से कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के एक कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया जो जिले में जबरन वसूली में कथित तौर पर शामिल था।

पुलिस ने कहा कि उसके पास से एक पिस्तौल और गोला-बारूद बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित कांगली यावोल कन्ना लूप के एक सदस्य को इंफाल पूर्व जिले के खाबेइसोई से गिरफ्तार किया गया और उस पर संगठन में नए कार्यकर्ताओं की भर्ती में शामिल होने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के खुंबोंग से ‘यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट’ (पाम्बेई) के एक कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया और उस पर खुंबोंग बाजार में एनएच-37 पर चलने वाले ट्रकों से जबरन वसूली करने का आरोप है।

पुलिस ने कहा कि जबरन वसूली में शामिल ‘पीपुल्स लिबरेशन आर्मी’ के एक कार्यकर्ता को थौबल जिले के वांगजिंग सोरोखैबम लीराक से गिरफ्तार किया गया। इस बीच, पुलिस ने बताया कि बिष्णुपुर जिले के कुंबी सेतुपुर में तलाशी अभियान के दौरान बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *