गोवा के क्लब में ‘अग्निकांड’ मरने वालों की संख्या 25

DEHRADUN (HIMALAYAUK NEWS) 7 DEC. 2025 गोवा के अरपोरा क्षेत्र में शनिवार (6-7 दिसंबर 2025) की देर रात हुए भीषण अग्निकांड का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है. वीडियो में एक महिला डांसर लोकप्रिय गीत महबूबा पर डांस कर ही होती है. माहौल पूरी तरह उत्साह में था, लेकिन कुछ ही पलों में स्थिति बदल जाती है. अचानक क्लब की छत से चमकदार चिंगारियां नीचे गिरने लगती हैं और मंच के पीछे आग दिखाई देने लगती है. कुछ सेकंड में धुआं पूरे हॉल में फैल जाता है और लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगते हैं. इस दौरान मौजूद लोगों के अनुसार, बाहर निकलने का रास्ता बहुत छोटा था, जिस कारण कई लोग धुएं में फंस गए और समय रहते बाहर नहीं निकल पाए.

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मृतकों के लिए गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह गोवा में हुई सबसे गंभीर घटनाओं में से एक है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा. मुख्यमंत्री ने बताया कि नाइट क्लब ने कई सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया था, इसी कारण आग इतनी तेजी से फैली. उन्होंने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश देते हुए कहा कि राज्य के सभी क्लबों और बारों का फायर ऑडिट फिर से कराया जाएगा. सरकार मृतकों के परिवारों को सहायता दे रही है, जबकि छह घायलों का इलाज जारी है.

हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है. इनमें से 20 लोगों की जान धुएं के कारण दम घुटने से गई, जबकि तीन लोग सीधे आग की चपेट में आकर नहीं बच पाए. घटना के समय क्लब में एक विशेष डांस प्रस्तुति होने वाली थी, जिसके लिए काफी भीड़ मौजूद थी. किचन की ओर भागने वाले कई लोग वहां ही फंस गए और समय रहते बाहर नहीं आ पाए.

गोवा कांग्रेस प्रभारी माणिकराव ठाकरे ने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताया. उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘हम अरपोरा के बिर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब में लगी आग से बेहद दुखी हैं. इस घटना में कई मासूम लोगों की जान चली गई. जिन परिवारों ने अपने प्रियजन खोए हैं, उनके प्रति गहरी संवेदनाएं.’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ खड़ी है.

गोवा पुलिस के मुताबिक, मृतकों में 4 पर्यटक, 14 क्लब कर्मचारी शामिल हैं. 7 अन्य लोगों की पहचान अभी बाकी है. घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस और फायर डिपार्टमेंट मामले की जांच कर रहे हैं 

प्रधानमंत्री सीएम प्रमोद सावंत को कॉल कर पूरी जानकारी ली और घायलों की स्थिति पूछी. इसके बाद प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मुआवजे का ऐलान किया गया है. पीएमओ के अनुसार मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये, घायल लोगों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घटना के बाद नाइटलाइफ और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था और फायर सिस्टम पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं. जांच रिपोर्ट आने तक क्लब को सील कर दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *