DT 8 JUNE 2025 (HIMALAYAUK NEWS) बिहार के मशहूर यूट्यूबर और बीजेपी नेता मनीष कश्यप ने कि बीजेपी में शामिल होना उनकी गलती थी. उन्होंने इसके लिए लोगों से माफी भी मांगी है. वही उन्होंने इशारों इशारों में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की बात भी कही. उन्होंने कहा कि बीजेपी रहने का मतलब है अपनी आंखों के सामने अपने ही लोगों के साथ हो रहे भ्रष्टाचार पर पर्दा डालना. मुझे मजबूर होकर ये फैसला लेना पड़ा. मनीष कश्यप ने कहा कि मुझे लगा था कि इन लोगों के साथ रहकर मैं और मजबूती से लोगों की मदद कर पाऊंगा, लेकिन मैं खुद की मदद नहीं कर सका.
रविवार को फेसबुक लाइव होकर उन्होंने अपने इस्तीफे का ऐलान किया. मनीष ने कहा, “मैं अब भाजपा का सक्रिय सदस्य नहीं हूं. भाजपा में रहकर खुद को नहीं बचा पाया तो लोगों की मदद कैसे करूंगा?” हालांकि पीएम मोदी के बारे में उन्होंने कहा कि वे हमेशा एक सफल प्रधानमंत्री रहेंगे. पार्टी में न रहने के बाद भी वे बेवजह उनके खिलाफ नहीं बोलेंगे.
उन्होंने कहा कि वह स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ आवाज उठाएंगे. जब मैं पार्टी में था, तब भी मैं इन मुद्दों पर अपनी आवाज़ उठाता रहा. मुझे लगा कि मैं पार्टी में रहकर इन मुद्दों पर अपनी आवाज नहीं उठा सकता. मेरे इस फैसले से कुछ लोग खुश होंगे, तो कुछ लोग दुखी भी होंगे. उन्होंने लोगों से उनकी राय भी मांगी कि उन्हें कहां से चुनाव लड़ना चाहिए, किस पार्टी से चुनाव लड़ना चाहिए या फिर अकेले ही चुनाव लड़ना चाहिए.