27 सितंबर 2025 आजमगढ़ के सिधारी थाना इलाके के पठान टोला निवासी और हार्डवेयर कारोबारी मुकर्रम अली के सात साल के बेटे शाजेब अली की हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को जांच में मिला कि हत्यारोपी की छत पर खून के निशान मिले। सिधारी थाना इलाके के पठान टोला, हाइडिल चौराहे के पास रहने वाले मुकर्रम अली ने बताया कि बेटा शाजेब बुधवार की शाम घर से लापता था।
मासूम शाजेब की मां जैस्मिन ने बताया कि आरोपी शैलेन्द्र निगम उर्फ मंटू उनके पुत्र को घुमाने लेकर गया था। इसके बाद उसे झुला झुलाया। इसके बाद से शाजेब लापता हो गया। शाजेब की मां ने बताया कि मंटू बार-बार उसके घर आकर पूछ रहा था कि शाजेब मिला या नहीं।
आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र में पठान टोला निवासी मासूम को आरोपी पड़ोसी घुमाने के बहाने ले गया। इसके बाद झूला झुलाया फिर उसको गायब करके उसकी हत्या कर दी। वहीं वारदात के बाद आरोपी मासूम के घर जाकर पूछता भी रहा अभी मिला कि नहीं। दूसरे दिन लापता सात वर्षीय शाजेब अली का शव उसके घर के बगल में लगे गेट पर तार में बोरे में लटका मिला।
मां ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस से गुमशुदगी की शिकायत की तो पुलिस ने 24 घंटे बाद कार्रवाई करने का हवाला देकर घर भेज दिया। इसकी सूचना शाम करीब सात बजे सिधारी थाने पर दी थी। पुलिस भी बच्चे की तलाश में जुटी थी। बृहस्पतिवार की सुबह करीब सात बजे किसी ने फोन कर फिरौती मांगी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस सर्विलांस के माध्यम से फोन नंबर का पता ही कर रही थी कि सुबह करीब 11 बजे शाजेब का शव उसके घर के बगल में लगे गेट के ऊपर तार से लटकते बोरे में मिला। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और सड़क पर जाम लगा दिया।
सूचना पर एडिशनल एसपी चिराग जैन मौके पर पहुंच गए। पांच थानों की पुलिस व पीएसी भी बुला ली गई। फोरेंसिक, डॉग स्क्वायड व सर्विलांस टीम भी मौके पर पहुंची। इधर, बच्चे की हत्या की जानकारी मिलते ही सपा विधायक दुर्गा प्रसाद यादव पीड़ित परिवार से मिले और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने जमीनी विवाद और व्यावसायिक स्पर्धा में मासूम की हत्या की थी। पुलिस ने दोनों आरोपी शैलेन्द्र निगम उर्फ मंटू और राजा निगम को इटौरा के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।