बीजेपी संगठन में बड़ा फेरबदल & नीतीश बोले एक-एक चीज हमें बताइए, सियासी गलियारे में चर्चाओं का दौर तेज  

बीजेपी ने गुरुवार (28 मई) को चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदलने का ऐलान किया है. दिल्ली में वीरेंद्र सचदेवा की जगह केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को कमान सौंपी गई है. इसके अलावा, अर्चना गुप्ता को हरियाणा, केवल सिंह ढिल्लो को पंजाब और अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई.

बीजेपी राष्ट्रीय महासचिव ने कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया है. उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी.’

बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार आज अचानक राज्य के कैबिनेट मंत्री विजय कुमार चौधरी के आवास पर पहुंच गए. इस दौरान नीतीश कुमार ने उनसे कहा कि आज शाम में आइए और एक-एक चीज बताइए क्या हो रहा है और क्या नहीं. नीतीश ने कहा कि अच्छे से काम करिए. नीतीश के इस बयान के बाद सियासी गलियारे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. गौरतलब है कि कुछ समय पहले ही नीतीश कुमार की जगह बीजेपी के सम्राट चौधरी राज्य के सीएम बने हैं.  पूर्व सीएम मंत्री विजय चौधरी के घर पर पहुंचे और उनसे मुलाकात की. जब वो जाने लगे तो उन्होंने विजय चौधरी से कहा कि शाम में आइए और एक-एक चीज हमें बताइए. इस खास बातचीत के बाद सियासी गलियारे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. माना जा रहा है कि नीतीश सरकार और संगठन के कामकाज पर फीडबैक लेना चाह रहे हैं. 

इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक जदयू पार्टी कार्यालय पहुंचे थे.  जेडीयू पार्टी कार्यालय जब नीतीश कुमार पहुंचे तो तमाम कार्यकर्ताओं से उन्होंने मुलाकात किया. इस दौरान नीतीश कुमार ने कहा की चिंता मत कीजिए काम करते रहिए सब कुछ ठीक हो रहा है. हालांकि, पार्टी कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम किया जाता है जिनमें तीन मंत्री उपस्थित रहते हैं. जब नीतीश कुमार पहुंचे तो एक भी मंत्री नहीं थे फिर भागे भागे मंत्री अशोक चौधरी जदयू पार्टी कार्यालय पहुंचे. नीतीश लगभग 10 मिनट रुके, फिर पार्टी कार्यालय से निकल गए. 

हर्ष मल्होत्रा बीजेपी के सीनियर नेता और दिल्ली से सांसद हैं. वह अभी तक केंद्र सरकार में मंत्री पद संभाल रहे हैं. लंबे समय से संगठनात्मक राजनीति में सक्रिय मल्होत्रा ने दिल्ली भाजपा में कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं. वह जनसंपर्क, संगठन क्षमता और विकास से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाते हैं.

डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है, डॉ. अर्चना गुप्ता हरियाणा की सक्रिय भाजपा नेता हैं. संगठनात्मक राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है. उन्होंने पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं और महिला नेतृत्व को मजबूत करने में भूमिका निभाई. प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उनसे संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं को मजबूत करने की उम्मीद की जा रही है.

केवल सिंह ढिल्लों बरनाला से दो बार विधायक रह चुके हैं. उन्होंने 2022 की संगरूर लोकसभा की उपचुनाव और 2024 में बरनाला विधानसभा की उपचुनाव बीजेपी के टिकट पर लड़ा था. ढिल्लों देश और पंजाब के एक बड़े उद्योगपति हैं. वह कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी रहे हैं, उन्हें बरनाला के लोग विकास पुरुष के तौर पर जानते हैं, उन्होंने अपनी राजनीति हमेशा विकास के मुद्दे पर लड़ी है, जबकि विरोधी खेमे के नेताओं के साथ कभी भी विवाद की राजनीति में वह नहीं पड़े.

अभिषेक देबरॉय त्रिपुरा भाजपा के सक्रिय नेता हैं, जिन्हें अब पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है. वे लंबे समय से संगठन में कार्य कर रहे हैं और पार्टी के विभिन्न अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं. पार्टी नेतृत्व को उनसे त्रिपुरा में संगठन मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने की उम्मीद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *