दिल्ली में पानी को लेकर सियासत तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी और सत्तारूढ़ भाजपा में वार-पलटवार का दौर देखने को मिल रहा है। आज भाजपा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा का आरोप था कि अरविंद केजरीवाल का निर्देश पर पंजाब दिल्ली को पानी नहीं दे रहा है। अब इसी को लेकर नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने भाजपा पर पलटवार किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने जल मंत्री प्रवेश वर्मा का इस्तीफा भी मांग लिया है। आतिशी ने कहा कि दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा को इस्तीफ़ा देना चाहिए क्योंकि उन्हें इतना भी नहीं पता कि दिल्ली का पानी सिर्फ़ 2 नदियों से आता है – यमुना और गंगा – और दोनों ही पंजाब से नहीं आती। इसलिए पंजाब दिल्ली का पानी रोक ही नहीं सकता। उन्होंने आगे कहा कि ‘ऊपरी गंगा नहर’ से गंगा का और ‘मुनक नहर’ से यमुना का पूरा पानी दिल्ली को मिल रहा है। पानी कम नहीं आ रहा। अगर दिल्ली वालों को पानी की कमी है तो वो भाजपा की कुप्रबंध की वजह से। वैसे भी – जिस मंत्री को ये भी नहीं पता कि दिल्ली को किस नदी से पानी मिलता है, वो उस पानी को क्या मैनेज कर पाएंगे?