पाकिस्तान ने शनिवार (10 मई, 2025) को सीजफायर का ऐलान किया, जिस पर भारत सरकार ने सहमति जताई है. हालांकि भारत की ओर से आ रहीं पाकिस्तान की मुश्किलें अभी भी खत्म नहीं हुई हैं. भारत ने सिर्फ काइनेटिक यानि किसी भी सैन्य कार्रवाई के लिए शर्तों के साथ युद्धविराम किया है.
ट्रंप ने किया था समझौते में मध्यस्थता का दावा
पाकिस्तान ने भारत संग शांति-सुलह कराने के लिए दुनियाभर के देशों से गुहार लगाई थी. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर होने का दावा किया.
भारत सरकार ने साफ किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच गोलाबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने का फैसला दोनों देशों के बीच सीधे तौर पर हुआ है.
भारत ने पाकिस्तानी एयरबेस पर निर्णायक अंतिम हमलों की एक श्रृंखला के बाद युद्ध विराम पर सहमति जताई है. पाकिस्तानी सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) की ओर से अपने भारतीय समकक्ष को किए गए कॉल में पाकिस्तान ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह आगे कोई हमला नहीं करेगा और औपचारिक रूप से युद्ध विराम का अनुरोध किया.
संयुक्त राज्य अमेरिका ने पाकिस्तान पर सीधा दबाव डालकर तनाव कम करने में भूमिका निभाई. युद्ध विराम की तत्काल स्वीकृति के लिए अमेरिका की ओर से 1 बिलियन डॉलर के आईएमएफ की तरफ से दिए जाने वाले कर्ज को जारी करने से रोकने का दबाव बनाया.
सूत्रों के मुताबिक, भारत ने जो पाकिस्तान पर जल, व्यापार, कूटनीतिक और वित्तीय प्रतिबंध लगा रखे हैं, उन पर कोई बात नहीं हुई है. वो अभी भी उसी तरह से जारी रहेंगे. 22 अप्रैल, 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से भारत एक्शन लेते हुए सिंधु जल संधि, पाकिस्तानी वीजा, ट्रेड, डिप्लोमेटिक और वित्तीय प्रतिबंध लगा थे.
विदेश मंत्रालय के सचिव विक्रम मिसरी ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि शनिवार (10 मई,2025) की दोपहर पाकिस्तान डीजीएमओ ने फोन कॉल कर पहल की, जिसके बाद चर्चा हुई और सहमति बनी. उन्होंने कहा कि किसी अन्य मुद्दे पर किसी अन्य स्थान पर बातचीत करने का कोई निर्णय नहीं हुआ है. उन्होंने कहा, “पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) ने आज दोपहर 15:35 बजे भारतीय DGMO को फोन किया. उनके बीच सहमति बनी कि दोनों पक्ष भारतीय मानक समयानुसार 17:00 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे. आज दोनों पक्षों को इस सहमति को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं. सैन्य संचालन महानिदेशक 12 मई को 12:00 बजे फिर से बात करेंगे.”
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया था कि अमेरिका की मध्यस्थता के चलते दोनों देशों के बीच सीजफायर समझौता हुआ है. उन्होंने कहा, ”संयुक्त राज्य अमेरिका की मध्यस्थता में एक लंबी रात की बातचीत के बाद मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं. दोनों देशों को बधाई. इस मामले पर आपके ध्यान के लिए धन्यवाद.”
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार की ओर से एक्स पर पोस्ट करके बताया गया है कि पाकिस्तान और भारत ने तत्काल प्रभाव से युद्ध विराम पर सहमति जताई है. हालांकि उन्होंने भारत पर किए गए नाकाम हमलों की कोशिशों पर माफी नहीं मांगी. उन्होंने आगे दावा करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किए बिना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए प्रयास किया है.