बुधवार को एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इस यात्रा के तहत, राज्य सरकार को आरसीडी एस्पेनयोल फुटबॉल क्लब से खेल विकास में सहयोग के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने का प्रस्ताव मिला।
इसके अलावा, टेस्ला समूह से झारखंड में वाणिज्यिक और औद्योगिक बैटरी भंडारण उत्पादों से संबंधित एक बड़ा कारखाना स्थापित करने का प्रस्ताव मिला है। बयान के अनुसार, ‘‘मुख्यमंत्री ने टेस्ला ग्रुप ए.एस. (चेकोस्लोवाकिया) के सीईओ और सह-संस्थापक दुसान लिचार्डस के साथ बैठक की। बैठक के दौरान, लिचार्डस ने झारखंड में वाणिज्यिक और औद्योगिक बैटरी भंडारण उत्पादों की असेंबली एक बड़ा कारखाना स्थापित करने का प्रस्ताव रखा।’’
बयान में कहा गया कि यह परियोजना रोमानिया के ब्राइला में कंपनी की हाल ही में स्थापित कारखाने के समान होगी, जिसका उद्देश्य नवीकरणीय ऊर्जा भंडारण बुनियादी ढांचे को बढ़ाना है।
सोरेन के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बार्सिलोना में स्टार्टअप मेंटरशिप, स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण, आपूर्ति श्रृंखला, जैव-औषधि, क्रिकेट फ्रैंचाइजी स्वामित्व और चिकित्सा प्रौद्योगिकी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में भारतीय मूल के उद्योगपतियों और विशेषज्ञों के साथ बातचीत की।