बड़ी दुर्घटना; आठ लोगों की मौत ; HIMALAYAUK NEWS; Leading Newsportal & youtube channel & Daily Newspaper by Chandra Shekhar Joshi Chief Editor Mob. 9412932030
पुणे: पुणे से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आ रही है। श्रीराम ढाबा के पास जेजुरी-मोरगांव रोड पर एक बड़ा हादसा हो गया। पुणे जिले के जेजुरी के समीप कार और पिकअप वाहन की टक्कर हो गई। इस भयावह हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, पुणे से मोरगांव जा रही स्विफ्ट डिजायर कार ने सामान उतार रहे एक पिकअप टेम्पो को टक्कर मार दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है।
पुणे ग्रामीण एसपी संदीप सिंह गिल ने जानकारी दी कि पुणे जिले के जेजुरी मोरगांव रोड पर हुए सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। यह हादसा एक सेडान और पिकअप ट्रक के बीच हुआ।
इससे पहले आज (16 जून) को सोलापुर-हैदराबाद हाईवे से भी भीषण हादसे की खबर सामने आई थी। सोलापुर-हैदराबाद राष्ट्रीय हाईवे पर मुलगांव तांडा के पास बुधवार सुबह एक भीषण दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार कंटेनर ने डिवाइडर तोड़ते हुए सामने से आ रहे नाइट्रिक एसिड से भरे टैंकर से जबरदस्त टक्कर मार दी।
इस हादसे में एक वाहन चालक की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। नाइट्रिक एसिड के रिसाव से लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सोलापुर तालुका पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र और देवरिया में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति घायल भी हो गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक सोनभद्र जिले में रॉबर्ट्गंज थाना क्षेत्र के परासी पांडेय गांव के पास तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनिल कुमार के अनुसार, पन्नूगंज के पचोखर गांव के निवासी चंदन तिवारी, राजेश और चंदन पांडेय आधी रात (मंगलवार-बुधवार) बाइक से शाहगंज से रॉबर्ट्सगंज लौट रहे थे, तभी एक कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि चंदन तिवारी और राजेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका इलाज जारी है।
मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि टक्कर जानबूझकर मारी गई थी, हालांकि पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह दुर्घटना लग रही है। एएसपी कुमार ने कहा, “मामले की जांच की जा रही है और निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
देवरिया जिले में मंगलवार देर रात काली मंदिर के पास देवरिया-रुद्रपुर मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने 45 वर्षीय मजदूर लल्लन निषाद की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सुरौली थाने के अंतर्गत तिवई टोला बिंदवलिया का निवासी निषाद देवरिया में काम के बाद घर लौट रहा था तभी पाइपलाइन के काम के लिए सड़क किनारे खोदे गए गड्ढ के कारण बाइक अनियंत्रित होने के बाद हादसे में उसकी मौत हो गई।